

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bolsonaro reached the US after passing through three countries; 'Operation Escape' was carried out with the help of Trump and Milei.
ब्राजील। चुनाव में हार और कानूनी जांच के बीच फ्लावियो बोल्सोनारो के देश छोड़कर अमेरिका पहुंचने की कहानी किसी फिल्मी घटनाक्रम से कम नहीं बताई जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में उन्हें 24 घंटे के भीतर पासपोर्ट जमा करने और देश से बाहर नहीं जाने का आदेश दिया था। इसके बाद गिरफ्तारी की आशंका के चलते वे पत्नी फर्नांडा और दो बेटियों के साथ देश से निकल गए।इस पूरे घटनाक्रम को 'ऑपरेशन एस्केप' नाम दिया गया। बताया जा रहा है कि अभियान को पूरा करने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के प्रशासन से जुड़े लोगों ने मदद की। करीब 72 घंटे तक चले इस अभियान में तीन देशों के रास्तों का इस्तेमाल किया गया।
रिपोर्टों के अनुसार, बोल्सोनारो के छोटे भाई एडुआर्डो ने ट्रम्प के सलाहकार जेसन मिलर और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति मिलेई के मुख्य सलाहकार सेंटियागो कापुटो से संपर्क किया था। इसके बाद अमेरिका में प्रवेश की अनुमति और वीजा की व्यवस्था को लेकर बातचीत हुई।बताया गया है कि ट्रम्प ने मंगलवार को बोल्सोनारो परिवार को अमेरिका में प्रवेश की मंजूरी दी। इसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के विभाग ने वीजा जारी किए और परिवार को एक साल के लिए मानवीय आधार पर पैरोल प्रदान किया गया।
सोमवार शाम ब्रासीलिया से रवाना: फ्लावियो बोल्सोनारो अपने घर से चार काली गाड़ियों के काफिले में निकले। रास्ते में चारों गाड़ियां अलग-अलग दिशाओं में चली गईं, ताकि मीडिया और निगरानी एजेंसियों को उनके वास्तविक रास्ते का पता न चल सके।
अर्जेंटीना में दाखिल: मंगलवार रात करीब 10:50 बजे परिवार सड़क मार्ग से टैक्रेडो नेवेस इंटरनेशनल ब्रिज के रास्ते अर्जेंटीना पहुंचा। वहां से अर्जेंटीना पुलिस उन्हें सीधे इगुआजू फॉल्स एयरपोर्ट ले गई।
प्राइवेट जेट से मियामी रवाना: अर्जेंटीना के एयरपोर्ट से परिवार ने निजी विमान से उड़ान भरी। विमान ईंधन भरने के लिए इक्वाडोर के ग्वायाकिल में रुका और बुधवार सुबह मियामी पहुंच गया। बताया गया है कि फ्लावियो ने यात्रा के दौरान इटली के पासपोर्ट का इस्तेमाल किया।
मियामी पहुंचने पर फ्लावियो ने खुद को ब्राजील का नेता बताते हुए ट्रम्प का आभार जताया। एयरपोर्ट पर परिवार को कैमरों से बचाने के लिए अधिकारियों ने छातों का इस्तेमाल किया।इस बीच ट्रम्प ने बयान दिया कि उनके साथ बहुत अन्याय हुआ है। उन्होंने चुनाव को असामान्य बताते हुए कहा कि वे इस मामले में सीधे दखल नहीं देंगे।
फ्लावियो के पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो भी कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। तख्तापलट की साजिश से जुड़े मामले में सजा मिलने के बाद वे ब्रासीलिया में नजरबंद हैं।