

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Budget Session 2026: Uproar in Chhattisgarh Assembly, adjournment motion on MNREGA rejected, opposition walks out
रायपुर। रायपुर में चल रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज मंगलवार को मनरेगा के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष द्वारा लाया गया स्थगन प्रस्ताव खारिज होने के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया।
भूपेश बघेल ने रखा स्थगन प्रस्ताव
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में मनरेगा के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव पेश करते हुए तत्काल चर्चा की मांग की। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
सत्ता पक्ष-विपक्ष में तीखी बहस
स्थगन प्रस्ताव पेश होते ही भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सदन किसी की राजनीति का मंच नहीं है। इसके जवाब में भूपेश बघेल ने चुनौती दी कि यदि सत्तापक्ष में हिम्मत है तो प्रस्ताव स्वीकार करे। दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस के चलते सदन में हंगामे की स्थिति बन गई, जिसके कारण कार्यवाही को 5 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।
महंत ने सरकार पर साधा निशाना
कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि सत्तापक्ष गरीबों के मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहता है। इस बयान के बाद सदन में एक बार फिर हंगामा तेज हो गया।
स्थगन खारिज, विपक्ष का बहिष्कार
सत्तापक्ष के विरोध के बीच आसंदी ने स्थगन प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया। भाजपा विधायक राजेश मूणत ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें मनरेगा की याद देर से आई है। स्थगन खारिज होते ही नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सदन के बहिष्कार की घोषणा कर दी, जिसके बाद कांग्रेस विधायक सदन से बाहर निकल गए।