

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Businessman in Gujarat shot in revenge for an old dispute abroad; both shooters arrested in Bhilai.
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में गारमेंट कारोबारी पर हुई फायरिंग के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 26 जून को कारोबारी आशीष बकोलिया पर जानलेवा हमला करने वाले दोनों शूटरों को छत्तीसगढ़ के भिलाई से गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिसाली निवासी गुरजीत सिंह और आनंदपुरम, भिलाई निवासी विक्रम प्रताप सिंह के रूप में हुई है। दोनों को गुजरात पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ वडोदरा ले गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबारी आशीष बकोलिया और आरोपी विक्रम प्रताप सिंह पहले फिजी में साथ काम करते थे। वहीं दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हो गया था। भारत लौटने के बाद विक्रम ने बदला लेने की योजना बनाई और अपने परिचित गुरजीत सिंह को इसमें शामिल कर लिया। दोनों ने मिलकर कारोबारी की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी घटना से पहले कई बार वडोदरा जाकर कारोबारी की गतिविधियों की रेकी कर चुके थे। इसके लिए वे शहर के एक होटल में भी ठहरे थे। बिहार से अवैध देसी पिस्टल खरीदने के बाद 26 जून की रात उन्होंने कारोबारी का पीछा किया और वाघोडिया चौकड़ी के पास उस पर फायरिंग कर दी।हमले के दौरान एक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। गोली कारोबारी के हाथ में लगी, जिससे उसकी जान बच गई। घायल कारोबारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फायरिंग के बाद दोनों आरोपी वापस भिलाई लौट आए थे। जांच के दौरान गुजरात पुलिस को होटल से मिला एक आधार कार्ड और डेढ़ महीने पुराना सीसीटीवी फुटेज अहम सुराग साबित हुआ। फुटेज के आधार पर पुलिस ने गुरजीत सिंह की पहचान की और दुर्ग पुलिस के सहयोग से दोनों की तलाश शुरू की।जब दोनों आरोपी भिलाई में एक-दूसरे से मिलने पहुंचे, तब पुलिस ने घेराबंदी कर गुरजीत को सुपेला क्षेत्र से और विक्रम को जेपी चौक इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गुरजीत सिंह पहले से ही भिलाई नगर थाना का लिस्टेड बदमाश है। पूछताछ में उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए विक्रम प्रताप सिंह की भूमिका भी स्वीकार की, जिसके बाद दूसरे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि कारोबारी आशीष बकोलिया के खिलाफ फिजी में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद वह भारत लौट आया और वडोदरा में गारमेंट कारोबार शुरू कर परिवार के साथ प्राइम सिटी सोसायटी में रहने लगा।
गुजरात पुलिस की करीब 15 सदस्यीय टीम विशेष अभियान चलाकर दुर्ग पहुंची थी। स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अब गुजरात पुलिस उन्हें वडोदरा ले जाकर आगे की पूछताछ कर रही है। मामले में हथियार की खरीद, साजिश और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।