

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Crime: Two minor girls gang-raped in Ambikapur, 6 accused arrested
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में दो नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन वयस्क और तीन विधि से संघर्षरत नाबालिग शामिल हैं। मामले की जांच सीतापुर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
शादी से लौटते समय वारदात
पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़कियां 24 अप्रैल को अपनी सहेलियों के साथ एक शादी समारोह में गई थीं। वापस लौटते समय 12 आरोपियों ने उन्हें मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां चार आरोपियों ने दोनों लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद दोनों पीड़िताएं रात में घर पहुंचीं और अगले दिन 25 अप्रैल को परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाना सीतापुर में 26 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई गई।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत धारा 70(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(जी) एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने दोनों बालिकाओं से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपने साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि की।
दो बार कराया गया मेडिकल परीक्षण
पहली पीड़िता का मेडिकल परीक्षण तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में कराया गया, जबकि दूसरी पीड़िता का देर रात होने के कारण 27 अप्रैल को मेडिकल कराया गया। 28 अप्रैल को पीड़िताओं के परिजनों ने मेडिकल रिपोर्ट पर असहमति जताई, जिसके बाद थाना प्रभारी ने दोनों का दोबारा मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल अंबिकापुर में करवाया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर तीन वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
आनंद बेक, निवासी जजगा सेटरापारा, थाना सीतापुर
विकास उर्फ राहुल , निवासी जजगा खालपारा, थाना सीतापुर
मनीष खलखो उर्फ़ आभीस, निवासी जजगा उपरपारा, थाना सीतापुर
तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीन नाबालिग आरोपियों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरे मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक शशिप्रभा दास सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।