

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Hockey League: Chakradhar Champions defeat Sanskardhani Strikers 6-4; Yuvraj Walmiki scores a hat-trick
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। चक्रधर चैंपियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6-4 से शिकस्त दी। इस मुकाबले के हीरो युवराज वाल्मीकि रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। जीत के साथ चक्रधर चैंपियंस पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी मैच देखने हॉकी स्टेडियम पहुंचे और दोनों टीमों के खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।
एस.वी. सुनील के पास और युवराज वाल्मीकि के गोल से चक्रधर चैंपियंस की दमदार शुरुआत
मुकाबले की शुरुआत चक्रधर चैंपियंस के अनुभवी भारतीय खिलाड़ी एस.वी. सुनील के शानदार खेल से हुई। सुनील ने मिडफील्ड से सटीक पास देकर युवराज वाल्मीकि को गोल करने का मौका दिया। वाल्मीकि ने रिबाउंड पर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम का खाता खोला।
इसके ठीक एक मिनट बाद अर्जुन यादव ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के डिफेंडर से गेंद छीनकर गोलपोस्ट के सामने पास दिया। कार्तिक यादव ने शानदार डाइव लगाते हुए गोल किया और चक्रधर चैंपियंस की बढ़त 2-0 कर दी।
पेनल्टी कॉर्नर पर वाल्मीकि का कमाल, चक्रधर की बढ़त मजबूत
दूसरे क्वार्टर में चक्रधर चैंपियंस ने एक और गोल दाग दिया। पेनल्टी कॉर्नर के दौरान एक खास रणनीति के तहत गेंद ड्रैग फ्लिकर से एस.वी. सुनील और फिर युवराज वाल्मीकि तक पहुंची। वाल्मीकि ने गेंद को गोलपोस्ट में डालकर टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई।
हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी वापसी की कोशिश की। शाहरुख ने रिबाउंड पर गोल करते हुए टीम का खाता खोला। इसके बाद कार्तिक यादव के खिलाफ गोलकीपर आदित्य कुमार नेताम के टैकल के प्रयास पर चक्रधर चैंपियंस को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। युवराज वाल्मीकि ने इसका फायदा उठाते हुए अपना दूसरा गोल दाग दिया।
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की शानदार वापसी
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मुकाबले का रुख बदलने की कोशिश की। शाहरुख ने फील्ड गोल किया, जबकि शमशेर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। लगातार दो गोल की बदौलत स्कोर 4-3 हो गया और मैच का रोमांच बढ़ गया।
चौथे क्वार्टर में चक्रधर चैंपियंस ने दर्ज की निर्णायक जीत
आखिरी क्वार्टर में चक्रधर चैंपियंस ने आक्रामक खेल दिखाया। मनीष ने सर्कल के अंदर शानदार डिफ्लेक्शन से गोल कर टीम की बढ़त बढ़ाई। इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर के दौरान मिले मौके पर युवराज वाल्मीकि ने रिबाउंड से अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की।
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से शमशेर ने फील्ड गोल कर अंतर कम किया, लेकिन तब तक चक्रधर चैंपियंस जीत की स्थिति मजबूत कर चुकी थी। मुकाबला अंततः 6-4 से चक्रधर चैंपियंस के नाम रहा। शाहरुख को स्ट्राइकर ऑफ द मैच, जबकि हैट्रिक लगाने वाले युवराज वाल्मीकि को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच 3-3 से रोमांचक ड्रॉ
दिन के एक अन्य मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-3 से ड्रॉ खेला।
पहले दो क्वार्टर में प्रदीप मोर की अगुवाई वाली मैनपाट टाइटन्स का दबदबा रहा और टीम हाफ टाइम तक दो गोल से आगे थी। हालांकि, चिंगलेनसाना सिंह की बैलाडीला बुल्स ने दूसरे हाफ में जोरदार वापसी की। जसकरण सिंह और राहुल यादव के गोलों ने टीम को मुकाबले में वापस ला दिया।
मैच के अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने गोल करने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रहलाद को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और करण धानुक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बढ़ रहा रोमांच
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल, आक्रामक रणनीति और शानदार गोल के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया। चक्रधर चैंपियंस की जीत और मैनपाट टाइटन्स-बैलाडीला बुल्स के बीच रोमांचक ड्रॉ ने लीग के आगामी मुकाबलों के लिए उत्सुकता बढ़ा दी है।