

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: CM Sai assures farmers no farmer will be deprived of profits due to low yield.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों के हित में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, सरकार का उद्देश्य प्रदेश के किसी भी किसान को कम उत्पादन के कारण आर्थिक लाभ से वंचित नहीं रखना है। किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि वे स्वयं किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों, किसानों की परेशानियों और अन्नदाताओं की जरूरतों को भलीभांति समझते हैं। इसी सोच के साथ सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार निर्णय ले रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता। अलग-अलग इलाकों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग हैं। ऐसे में जिन किसानों का उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम है, उन्हें भी निर्धारित 21 क्विंटल की सीमा तक अंतर की राशि का लाभ उनके बैंक खातों में दिया जाएगा। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस प्रकार आर्थिक लाभ दिया जा रहा है, वैसा लाभ देश के किसी अन्य राज्य में किसानों को नहीं मिल रहा है। सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप किसान कल्याण के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धान खरीदी की व्यवस्था को लगातार बेहतर बना रही है। प्रयास है कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें। धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता और अन्य व्यवस्थाओं तक किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य खेती को लाभकारी बनाना, किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों की खुशहाली ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। राज्य सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।