

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Suspicious death of a 17-year-old girl in Bilaspur; mother accuses a young man of murder; post-mortem report awaited.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 17 साल की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की मां ने मोहल्ले में रहने वाले दुर्गेश सूर्यवंशी पर बेटी के साथ मारपीट करने और उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन युवक ने मैसेज भेजकर किशोरी को मिलने के लिए बुलाया था। कुछ समय बाद बेटी ने फोन पर रोते हुए मां को बताया कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है।शाम को आरोपी युवक ने ही फोन कर पहले किशोरी के अस्पताल में भर्ती होने और फिर फांसी लगाने की जानकारी दी। गंभीर हालत में उसे छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ले जाया गया, जहां रात करीब 8 बजे उसकी मौत हो गई। मां ने शरीर पर चोट के निशान होने का हवाला देते हुए मामले को हत्या बताया है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, घुरु निवासी मीना डहरिया मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी।बुधवार सुबह करीब 8 बजे आरुषि रोजाना की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। इसके कुछ समय बाद उसकी मां भी अपने काम में व्यस्त हो गईं। इसी बीच मोहल्ले में रहने वाले दुर्गेश सूर्यवंशी ने आरुषि के मोबाइल पर मैसेज भेजकर उसे मिलने के लिए बुलाया। परिचित होने के कारण वह उससे मिलने चली गई।
मीना के अनुसार, दोपहर में बेटी का फोन आया था, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण वह कॉल नहीं उठा सकीं। बाद में जब उन्होंने आरुषि से संपर्क किया तो वह फोन पर रोने लगी।बेटी ने बताया कि दुर्गेश उसके साथ बुरी तरह मारपीट कर रहा है। वह इतनी घबराई हुई थी कि अपनी मां को यह तक नहीं बता सकी कि वह किस जगह पर है। मीना को उस समय लगा कि दोनों के बीच कोई विवाद हुआ होगा और मामला शांत हो जाएगा। इसके बाद वह फिर अपने काम में लग गईं।
मीना ने बताया कि शाम करीब 6 बजे दुर्गेश का फोन आया। उसने जानकारी दी कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद युवक ने दोबारा कॉल करके बताया कि किशोरी ने फांसी लगा ली है और उसे इलाज के लिए सिम्स लाया गया है।इसके बाद रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से परिवार को सूचना मिली कि आरुषि की मौत हो चुकी है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
बेटी का शव देखने के बाद मीना ने दुर्गेश पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि आरुषि के पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मौजूद थे। मां का कहना है कि बेटी के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उसकी मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।मीना ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी।
सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिवार की ओर से युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए गए हैं।पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी और उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मां द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।