

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Major CRPF operation in Bijapur; 14 Naxal dumps uncovered, 10 IEDs and 7 rifles seized.
बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत CRPF की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। 5 सितंबर 2026 को संयुक्त टीम ने एड़ी, हर्री, नयापारा, सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 14 डंप बरामद किए। बरामद सामग्री में हथियार, IED, डेटोनेटर और विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री शामिल है।
CRPF के मुताबिक, तलाशी के दौरान कुल 7 रायफल बरामद की गईं। इनमें एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक 12 बोर देशी रायफल शामिल है। इसके अलावा 10 IED, आठ डेटोनेटर और कोडेक्स वायर भी बरामद हुआ।
सर्च टीम को बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट, चार प्लास्टिक कंटेनर और तीन बड़े स्टील कंटेनर भी मिले। इसके अलावा IED निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री, इलेक्ट्रिकल सामान, नक्सली कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की सामग्री बरामद की गई है।
CRPF के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट-199 वाहिनी आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में अभियान चलाया गया। बी-199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान को अंजाम दिया।
बल के मुताबिक, बरामद सामग्री नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखी थी। अभियान के दौरान जवानों ने विशेष सतर्कता बरतते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी और सघन तलाशी की। कार्रवाई में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पहले नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। CRPF का कहना है कि लगातार चलाए जा रहे अभियान से इलाके में नक्सल प्रभाव कम हुआ है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आगे भी आसूचना आधारित अभियानों को प्रभावी तरीके से जारी रखा जाएगा और क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जाएगी।