

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major action in Gadchiroli Maoist banner-poster case; Ishwar Rao, a resident of Kirandul, arrested from Ahmedabad.
गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के थाना पिपली (बुर्गी) क्षेत्र में माओवादियों के नाम से बैनर-पोस्टर लगाए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने किरंदुल निवासी ईश्वर राव को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना पिपली में अपराध क्रमांक 01/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(B), 189(2), 190, 61(2), 3(5), महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 135 तथा गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की धारा 10, 13, 20 और 39 के तहत पंजीबद्ध है।
पुलिस ने बताया कि मामले में पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच के दौरान किरंदुल निवासी ईश्वर राव पिता स्वर्गीय एस. रामलू की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने 27 जुलाई 2026 को उसे अहमदाबाद से गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया।
गिरफ्तारी के बाद जांच के सिलसिले में 30 जुलाई 2026 को गढ़चिरौली पुलिस की टीम दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल पहुंची। पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी के मकान की तलाशी ली और जांच से जुड़े आवश्यक दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और जब्त किए गए दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।