

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Negligence in development schemes will not be tolerated; construction work must be completed within the stipulated timeframe – Union Minister of State Tokhan Sahu.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने मंगलवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान तोखन साहू ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर ऐसी कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो और वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
जिले में बिहान समूह से जुड़ी 18,148 महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल किए जाने की जानकारी बैठक में दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 46,151 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। मंत्री ने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पीएम जनमन योजना के तहत गौरेला विकासखंड में स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 आवास पूरे किए जा चुके हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण और बेहतर मार्केटिंग की दिशा में ठोस कदम उठाने को कहा, ताकि किसानों को अपने स्थानीय उत्पाद का अधिक लाभ मिल सके।
कृषि विभाग ने बताया कि खरीफ वर्ष 2026 में निर्धारित 58,693 हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले अब तक 53,099 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
मंत्री साहू ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त राजस्व संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 पूरी हो चुकी हैं। 84,901 घरों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 69,808 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इनमें 55,800 कनेक्शन क्रियाशील हैं।
आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 3,16,675 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष 24,248 पात्र लोगों के कार्ड जल्द बनाने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए सघन टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 23,993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।
पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनाए जा रहे संपर्क मार्गों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्माण में आ रही बाधाओं को विभागीय समन्वय से दूर कर सड़कों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में 64,174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत होने और वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 9.96 लाख मानव दिवस सृजित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36,924 हितग्राहियों को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। जिले में 209 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं और कुल 1,16,319 राशन कार्डधारक हैं।
बैठक में विधायक कोटा अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष गौरेला मुकेश दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष पेंड्रा राकेश जालान, जनपद पंचायत अध्यक्षों सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।