

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Crime News: 59-year-old man arrested for allegedly raping three minors under the pretext of feeding them snacks.
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 59 वर्षीय दुकान संचालक ने नड्डा और मुरकू खिलाने का लालच देकर बच्चियों को अपने घर बुलाया और उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया। घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी इलाके में खाने-पीने की चीजों की दुकान संचालित करता है। आरोप है कि उसने पड़ोस में रहने वाली तीन बच्चियों को नड्डा खिलाने का लालच दिया और उन्हें अपने घर बुलाया। वहां उनके साथ कथित तौर पर यौन दुर्व्यवहार किया गया।
बच्चियों ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर पुलिस थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा के मुताबिक, सोमवार को तीन नाबालिगों से जुड़े मामले में परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ितों का मुलायजा कराया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ता भी देर रात कोतवाली थाना पहुंचे और थाने का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी ठोस कदम उठाने की मांग पुलिस-प्रशासन के सामने रखी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।