

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bastar News: Drivers' strike brings over 4,200 trucks to a standstill in Bastar; 4,000 families face a financial crisis.
जगदलपुर। बस्तर में ड्राइवरों की हड़ताल का असर अब ट्रांसपोर्ट कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। आंदोलन के चलते बस्तर परिवहन संघ और बैलाडीला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की 4200 से अधिक ट्रकें खड़ी हो गई हैं। इससे लौह अयस्क और पिग आयरन की ढुलाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। लगातार परिवहन बंद रहने से करीब 4 हजार परिवारों की आजीविका पर आर्थिक संकट गहराने लगा है।
बस्तर परिवहन संघ की करीब 2500 ट्रकें और बैलाडीला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की लगभग 1700 ट्रकें अलग-अलग स्थानों पर खड़ी हैं। ड्राइवरों के आंदोलन के कारण पिछले तीन से चार दिनों से माल परिवहन लगभग ठप पड़ा है। इसका सीधा असर ट्रक मालिकों, ट्रांसपोर्ट कारोबार और औद्योगिक आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है।
बैलाडीला की खदानों और नगरनार स्थित NMDC से निकलने वाले लौह अयस्क और पिग आयरन की ढुलाई मुख्य रूप से ट्रकों के जरिए की जाती है। यहां से माल रायपुर सहित प्रदेश के दूसरे बड़े शहरों तक पहुंचाया जाता है। सामान्य दिनों में प्रतिदिन 300 से 400 ट्रकों के माध्यम से माल की आवाजाही होती है, लेकिन हड़ताल के चलते यह व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
बस्तर परिवहन संघ के अध्यक्ष प्रदीप पाठक के अनुसार, संघ में 2500 से अधिक ट्रक और करीब 2143 सदस्य हैं। ड्राइवरों की हड़ताल से पिछले तीन दिनों से लौह अयस्क और पिग आयरन की ढुलाई प्रभावित है। इससे ट्रक मालिकों और परिवहन से जुड़े करीब 4 हजार परिवारों की आजीविका पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को संघ ने ड्राइवरों की मांगों के समर्थन में आंदोलन का साथ दिया था, लेकिन लगातार परिवहन बंद रहने से अब ट्रक मालिकों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ट्रकों के लिए व्यवस्थित पार्किंग और ट्रांसपोर्ट नगर की सुविधा नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। शहर के भीतर और नेशनल हाईवे के किनारे ट्रकों की लंबी कतारें लग रही हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदीप पाठक ने शहर में ट्रांसपोर्ट नगर नहीं होने पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक ट्रांसपोर्ट नगर की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। यदि ट्रकों के लिए व्यवस्थित पार्किंग और परिवहन नगर की व्यवस्था होती, तो मौजूदा हालात में होने वाली परेशानियों को काफी हद तक कम किया जा सकता था। ड्राइवरों की मांगों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब बस्तर के बड़े परिवहन कारोबार, औद्योगिक आपूर्ति और हजारों परिवारों की रोजी-रोटी के लिए चुनौती बनता जा रहा है।