

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Kabra', a man-eating elephant, has been found hiding within a herd of 17 elephants, posing a challenge for the Forest Department; it fled into the forest upon spotting the 'kumki' elephants.
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में दहशत फैलाने वाला आक्रामक हाथी कबरा अब वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पिछले छह महीने में 19 लोगों की जान लेने वाला यह हाथी रेस्क्यू अभियान शुरू होते ही 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया। पिछले तीन दिनों से वह लगातार रेस्क्यू टीम को चकमा दे रहा है। रामगढ़ पहाड़ी के दुर्गम जंगलों में अभियान अटका हुआ है, जिसे सोमवार को भी जारी रखा जाएगा।कबरा को ट्रेंक्युलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने के लिए 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी, वन्यजीव विशेषज्ञ, पुलिस बल और दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को अभियान में लगाया गया है। वन विभाग थर्मल इमेजिंग और पैदल ट्रैकिंग के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अनुकूल परिस्थिति मिलते ही उसे बेहोश कर रेडियो कॉलर लगाया जाएगा और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा।
थर्मल ड्रोन से मिले फुटेज में कबरा एक दूसरे नर हाथी से संघर्ष करता दिखाई दिया। इस मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद झुंड ने उसे अपने साथ जगह दे दी। अब 17 हाथियों का यह दल उसके लिए सुरक्षा कवच बन गया है।विशेषज्ञों के मुताबिक, अकेला नर हाथी झुंड में अपना वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर सकता है। कबरा के झुंड में शामिल होने के बाद उसे अलग पहचानना और सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करना मुश्किल हो गया है। वह झुंड के बच्चों और हथिनियों के बीच रहकर खुद को बचा रहा है।
रविवार को मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी डॉ. प्रणय मिश्रा, सरगुजा और सूरजपुर के डीएफओ तथा वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जय किशोर जड़िया ने अभियान चलाया। इस दौरान प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथ राम और दुर्योधन की मदद ली गई।दो बार कुमकी हाथियों को जंगल के भीतर भेजकर कबरा की तलाश की गई। टीम को वह दिखाई भी दिया, लेकिन कुमकी हाथियों को देखते ही वह घने जंगल में चला गया। इसके बाद उसकी पहचान और घेराबंदी करना मुश्किल हो गया। अभियान से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, सही मौका मिलने पर ही उसे ट्रेंक्युलाइज करने की कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार रात 17 हाथियों का दल सायर जंगल से करीब 20 किलोमीटर का सफर तय कर रामगढ़ पहाड़ी स्थित पार्वती गुफा के पास पहुंचा। रास्ते में दल कुसुवामुड़ा, सुखरीभंडार, आमाडुग्गू, बेलढाब और बोंगरू होते हुए बड़ा तुर्रा के नीचे जंगल में ठहरा।कबरा जब अकेला घूमता था, तब एक रात में 30 से 40 किलोमीटर तक का सफर तय कर लेता था। लेकिन झुंड में शामिल होने के बाद उसकी आवाजाही कम हो गई है। रामगढ़ पहाड़ी का दुर्गम इलाका और घना जंगल वन विभाग के लिए अभियान को और कठिन बना रहा है।
इधर, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे जंगल में हाथी के हमले की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। कबीरधाम जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में कोदवडीह निवासी रामबाई यादव की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, महिला बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान समनापुर वन परिक्षेत्र के फिटारी गांव के आश्रित मोहल्ले भरोसा टोला के पास उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी जान चली गई। मृतका मध्य प्रदेश की निवासी थीं।इस घटना ने एक बार फिर दोनों राज्यों की सीमा से लगे गांवों में हाथियों की आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रहे हमलों के कारण स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।