

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur News: Allegation of ₹4.55 crore fraud under the pretext of a partnership in a coal mine; FIR registered against a mining company director.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोयला खनन कारोबार में साझेदारी और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह पर लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कोरबा जिले की सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में पार्टनर बनाने का भरोसा दिलाकर कारोबारी से करोड़ों रुपये निवेश करवाए। रकम लेने के बाद न तो निवेश की राशि लौटाई गई और न ही कारोबार के मुनाफे का हिसाब दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या रेसिडेंसी निवासी अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। कुछ समय पहले उनकी पहचान KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें कोरबा जिले के पाली क्षेत्र स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में कारोबारी साझेदारी का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि खनन कारोबार में हिस्सेदारी, निवेश की रकम सुरक्षित रहने और अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाकर उनसे निवेश कराया गया।
शिकायत के अनुसार, अक्षत राजन ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के माध्यम से कुल 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद वह खदान से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। बताया गया है कि वर्ष 2023-24 के दौरान खनन कार्यों के लिए ईंधन, मशीनों के रखरखाव और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी उन्होंने अतिरिक्त रकम खर्च की। इस तरह निवेश के अलावा खदान संचालन से जुड़े खर्चों में भी उनकी बड़ी आर्थिक हिस्सेदारी रही।
कारोबारी का आरोप है कि रकम निवेश करने के बाद जब उन्होंने मूलधन और कारोबार से हुए मुनाफे का हिसाब मांगना शुरू किया तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। पिछले एक-दो वर्षों से रकम वापस मांगने और कई बार संपर्क करने के बावजूद उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि खदान में किए गए खर्च और कारोबारी लेन-देन का पूरा हिसाब भी उपलब्ध नहीं कराया गया। आखिरकार आरोपी ने कथित तौर पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
लगातार प्रयासों के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने पर अक्षत राजन ने 14 नवंबर को रायपुर के तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत अपराध दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान बैंक खातों में हुए करोड़ों रुपये के लेन-देन, निवेश से जुड़े दस्तावेजों और खदान के कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।