

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Intense rainfall expected in Chhattisgarh over the next 48 hours; yellow alert issued for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उससे सटे गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने अवदाब (डिप्रेशन) का असर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि अब तक प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य के करीब रही है, लेकिन औसत वर्षा में लगभग 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के दिन आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
बारिश के कारण राजधानी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच यह घटकर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। अगले 48 घंटों तक प्रदेश में बारिश का प्रभाव बना रहने के बाद धीरे-धीरे गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।
प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और खुले स्थानों में मौजूद लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।
प्रदेश में अगले दो दिनों तक मानसून की सक्रियता बनी रहने से किसानों और जलाशयों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।