

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Monsoon fury continues in Chhattisgarh; heavy rain expected over the next 5 days; 'Orange Alert' issued for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में मानसून के सक्रिय रहने और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं धमतरी जिले में लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। इस दौरान अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को रायगढ़ में 13 सेंटीमीटर और पेंड्रा में 12 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पुसौर और तमनार में 10-10 सेंटीमीटर, बरपाली में 9 सेंटीमीटर तथा सारंगढ़, रामचंद्रपुर, मालखरौदा, अकलतरा, धाभरा और बलौदा समेत कई क्षेत्रों में 7 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अनेक अन्य जिलों में भी 3 से 6 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर-पूर्व अरब सागर तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक बारिश हो रही है। इन सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण कई इलाकों में भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है। वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।