

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Today: Monsoon intensifies again in Chhattisgarh; heavy rain likely over the next 5 days; alert issued for several districts.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे में लगभग सभी इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सबसे ज्यादा 12-12 सेंटीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ी रह सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
राजधानी रायपुर में रविवार से बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह से भी शहर के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार बारिश के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
31 अगस्त को रायपुर में आसमान मेघमय रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी तो कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब है और सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव समेत कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 12-12 सेमी, राजपुर में 10 सेमी, कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी, बलरामपुर में 6 सेमी तथा करतला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी बारिश हुई।
गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, दौरा कोचली, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना और बड़े राजपुर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में इससे कम बारिश हुई है।