

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather takes a turn in Chhattisgarh; heavy rain alert for several districts; rain expected in Raipur as well.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे तक सक्रिय रह सकता है। मंगलवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि सरगुजा को छोड़कर सभी संभागों के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई। अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य के करीब है और इसमें करीब 2 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त को झारखंड और उसके आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी उसी क्षेत्र में मौजूद है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान यह सिस्टम लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में 26 अगस्त को मौसम सामान्यतः मेघमय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ऐसे में राजधानी में दिनभर बादलों की आवाजाही के साथ मौसम सुहाना बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटे के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वर्षा के आंकड़ों के मुताबिक बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश हुई। इसके बाद ओडगी में 12 सेमी और राजिम में 11 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं कुटरू, गोबरा नवापारा और मस्तूरी में 10-10 सेमी बारिश हुई। गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
बिहारपुर, मंदिर हसौद, अकलतरा और कोरबा में 8-8 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं भैसमा, करतला, उसूर, माना-रायपुर एपी, भैरमगढ़, बोदरी, कुरूद और महासमुंद में 7-7 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा तमनार, रायपुर शहर, आरंग, लैलूंगा, छिंदगढ़, बलौदा बाजार, लाभांडी, बलौदा, खरोरा और सुकमा में 6-6 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर 5 सेमी या उससे कम बारिश हुई।
मंगलवार को प्रदेश में दुर्ग में अधिकतम 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में लो प्रेशर सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।