

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Heavy rainfall expected across the state; alert issued for heavy rain over the next 48 hours; Raipur also set for downpours.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। बस्तर और सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य के आसपास रही है, हालांकि कुल वर्षा में करीब 7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगस्त के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। 23 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे आईएसटी पर यह सिस्टम सक्रिय था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है। वहीं, इससे जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है।
राजधानी रायपुर में 24 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। दिन में कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
रविवार को हुई बारिश के दौरान रायपुर के महादेव घाट रोड पर कावड़िए बारिश के बीच यात्रा करते नजर आए।
सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 24 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। एमसीबी जिले के जनकपुर क्षेत्र से लगे कोटाडोल में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेमी, जबकि छुरा और नांगार में 7 सेमी बारिश दर्ज हुई। सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6-6 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में आकाशीय बिजली, तेज हवा और मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया शामिल हैं।
वहीं सुकमा, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी बनी रहेंगी। सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और द्रोणिका के प्रभाव से आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति देखने को मिल सकती है। अगस्त के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।