

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Monsoon becomes active again in Chhattisgarh; heavy rainfall expected over the next 7 days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन माह के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से 7 प्रतिशत कम रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह के दौरान कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। शनिवार को मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बूंदाबांदी हो रही है। 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उसके आसपास निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्नदाब क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
वहीं, उत्तरी ओडिशा और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव और मानसून की सक्रियता के कारण प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी, जबकि जनकपुर भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पिछले 24 घंटों में जगदलपुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।