

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Impact of cyclonic storm 'Akwan' in Chhattisgarh; heavy rain alert issued for 9 districts; farmers concerned over paddy procurement.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone Akvan) का असर दिखाई देने लगा है। देवउठनी पर्व के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार से ही ठंडी हवाओं और रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण ठंड का एहसास बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं, मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दक्षिण, उत्तर और मध्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। 22 से 25 नवंबर के बीच भी प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव शामिल हैं। इन जिलों के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
चक्रवाती तूफान के असर से राजधानी रायपुर में भी मौसम बदल गया है। गुरुवार सुबह से ठंडी हवाएं चलती रहीं और रात में रुक-रुककर बारिश हुई। 20 नवंबर की सुबह भी बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं, प्रदेश में तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान पिछले छह घंटों के दौरान करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा है। 19 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे यह 15.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.2 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था।
इसके 20 नवंबर की दोपहर तक गोपालपुर के निकट उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तूफान की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ने और बारिश का दौर सक्रिय होने की स्थिति बनी है।
प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने के बीच बारिश की संभावना ने किसानों और उपार्जन केंद्रों की चिंता बढ़ा दी है। खुले में रखे धान को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन सकता है। पहले भी चक्रवाती मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई किसानों की धान फसल और उपज को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई थीं।
अब दोबारा बारिश का दौर शुरू होने से उपार्जन केंद्रों में धान के सुरक्षित भंडारण और खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो सकती है। किसानों को भी अपनी कटी हुई फसल और खरीदी के लिए तैयार धान को बारिश से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।