

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Major investment of Rs 1.07 lakh crore in Chhattisgarh; 20,000 youths to get employment; CM Vishnu Deo Sai hands over proposal letters to investors.
रायपुर। छत्तीसगढ़ को औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। नवा रायपुर में गुरुवार को आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में प्रदेश को 24 उद्योग समूहों के माध्यम से 1.07 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश के लगभग 20 हजार युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल निवेशक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को 'इन्विटेशन टू इन्वेस्ट' पत्र सौंपे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है। राज्य सरकार की नई औद्योगिक विकास नीति और निवेशकों को प्रोत्साहित करने वाली पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। प्रदेश में बड़े उद्योग समूहों की बढ़ती रुचि छत्तीसगढ़ की आर्थिक संभावनाओं और निवेश के अनुकूल माहौल को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल निवेश प्रस्ताव प्राप्त करना नहीं, बल्कि उन्हें वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं में बदलना है, ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि माओवादी हिंसा समाप्त होने के बाद बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश की नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं। शांति और सुरक्षा का बेहतर वातावरण बनने से अब उद्योगपतियों का विश्वास प्रदेश में बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उद्योग, पर्यटन, कृषि प्रसंस्करण और स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों का विस्तार किया जाएगा। इससे बस्तर के युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि औद्योगिक विकास का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक विकास नीति और देश-विदेश में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से पिछले डेढ़ से दो वर्षों में छत्तीसगढ़ को साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि ये निवेश प्रस्ताव अब केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं का स्वरूप ले रहे हैं। प्रदेश में लगभग 60 औद्योगिक परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। यह छत्तीसगढ़ में निवेश के अनुकूल वातावरण और राज्य सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में प्राप्त 1.07 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाले हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 20 हजार युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
इन निवेशों से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार निवेश को बढ़ावा देने के साथ औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने पर जोर दे रही है। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को उद्योग, पर्यटन, कृषि प्रसंस्करण और स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों का प्रमुख केंद्र बनाना है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्य सचिव विकास शील, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार सहित विभिन्न निवेशक संस्थाओं के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।