

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
Major irregularities in Ayushman scheme exposed; investigation into VY Hospital reveals 8 serious flaws.
दुर्ग। पद्मनाभपुर स्थित वीवाई अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के नाम पर कथित अनियमितताओं का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। 16 नवंबर को प्रशासनिक अधिकारियों की छापेमारी के बाद तैयार की गई जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी गई है। रिपोर्ट में अस्पताल के संचालन और आयुष्मान योजना के नियमों से जुड़ी आठ बड़ी गड़बड़ियां सामने आई हैं। इनमें डॉक्टरों की अनुपस्थिति, मरीजों की भर्ती में विसंगतियां और उपचार संबंधी दस्तावेजों में अंतर जैसी गंभीर बातें शामिल हैं।जांच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि अस्पताल में नर्सिंग होम एक्ट और आयुष्मान भारत योजना के प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा था। आईसीयू में कोई पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। इसके अलावा महिला मरीजों के वार्ड में पुरुष मरीजों को भी भर्ती किया गया था। डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मचारियों की ड्यूटी से संबंधित रोस्टर भी उपलब्ध नहीं था।
जांच के दौरान आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज मरीजों की जानकारी और अस्पताल में मौजूद मरीजों का मिलान किया गया। इस प्रक्रिया में कुल 17 मरीज भर्ती दर्ज मिले, लेकिन इनमें से तीन मरीज कुंती बाई, सुनीता साहू और दीवान सिंह मौके पर नहीं मिले।अधिकारियों को मरीजों की भर्ती से संबंधित फाइलों में भी गंभीर विसंगतियां मिलीं। कुछ दस्तावेजों के साथ वाई डायग्नोसिस सेंटर एंड पैथोलॉजी लेबोरेटरी की रिपोर्ट संलग्न थी, जबकि अस्पताल परिसर में इस नाम की कोई पैथोलॉजी लैब संचालित नहीं मिली।
जांच टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार से संबंधित जानकारी जुटाई। इस दौरान मरीजों द्वारा बताए गए लक्षणों और मेडिकल फाइल में दर्ज बीमारी के निदान के बीच काफी अंतर पाया गया।आईसीयू में भर्ती सुनीता के मामले में यह भी दर्ज किया गया कि उनका सीजर ऑपरेशन डॉ. विनीता ध्रुवे द्वारा किया जाना बताया गया था। अधिकारियों ने इन सभी तथ्यों को जांच प्रतिवेदन में शामिल किया है।
वीवाई अस्पताल के संचालक डॉ. विश्वनाथ यादव से जुड़ा एक अन्य मामला भी जांच में सामने आया है। राजनांदगांव निवासी रोहित की शिकायत पर खैरागढ़ के सीएमएचओ कार्यालय ने चार सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराई थी। इस जांच में पता चला कि ठेलकाडीह में एसएस अस्पताल के नाम से एक अस्पताल संचालित किया जा रहा था, जिसे जांच में अवैध पाया गया।जांच के मुताबिक, रोहित को वास्तव में ठेलकाडीह स्थित एसएस अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन उनके उपचार का रिकॉर्ड 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक दुर्ग के वीवाई अस्पताल में दर्ज किया गया। यानी मरीज जिस अस्पताल में इलाज करा रहा था, दस्तावेजों में उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती दर्शाया गया।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खैरागढ़ प्रशासन ने एसएस अस्पताल को बंद करा दिया। साथ ही दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर और सीएमएचओ को प्रतिवेदन भेजा गया है।
वीवाई अस्पताल में छापेमारी के दौरान अंबिकापुर के अलावा बालोद जिले के कई मरीज भी मिले थे। इनमें तिर्खेदी गांव के कन्हैया, हरि राव सहित चार मरीजों ने अधिकारियों को बताया कि एक दिन पहले उनके गांव में राजनांदगांव के अपेक्स अस्पताल के नाम से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था।मरीजों के मुताबिक, शिविर में उन्होंने कमर, पैर और घुटनों में दर्द की शिकायत की थी। इस पर शिविर आयोजित करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि दुर्ग का वीवाई अस्पताल भी उन्हीं का है और वहां मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।चारों मरीजों ने अपने बयान के समर्थन में गांव में आयोजित शिविर के दौरान दी गई अपेक्स अस्पताल की पर्चियां भी जांच अधिकारियों को दिखाई थीं। अब इस पूरे मामले में दोनों अस्पतालों के बीच संबंधों और मरीजों को उपचार के लिए भेजने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।
खैरागढ़ के सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला ने बताया कि रोहित की शिकायत की जांच चार सदस्यीय टीम से कराई गई थी। जांच के आधार पर ठेलकाडीह स्थित अस्पताल को तत्काल बंद करा दिया गया है। दुर्ग के अस्पताल के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर और सीएमएचओ को जांच प्रतिवेदन भेजा गया है।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के मुताबिक, खैरागढ़ सीएमएचओ कार्यालय की ओर से कराई गई जांच में मरीजों के बयान और अन्य तथ्यों से संबंधित पूरी रिपोर्ट अभी उनके पास नहीं पहुंची है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसे दुर्ग में चल रही कार्रवाई का हिस्सा बनाया जाएगा। मामले में नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
राजनांदगांव जिले के बासुला निवासी रोहित कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को थकान और पीठ दर्द की परेशानी होने पर वह ठेलकाडीह स्थित एसएस अस्पताल पहुंचे थे। उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे उन्हें आयुष्मान कार्ड के जरिए अस्पताल में भर्ती किया गया।रोहित के अनुसार, शाम तक तबीयत में कुछ सुधार हुआ तो उन्होंने घर जाने की इच्छा जताई। इसके बाद उन्हें घर जाने की अनुमति मिल गई। अगले चार दिनों तक वह घर से अस्पताल आते-जाते रहे। बाद में उन्हें दोबारा बुलाया गया और अंगूठा लगवाने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।रोहित का आरोप है कि उन्हें डिस्चार्ज के समय वीवाई अस्पताल के नाम से पर्ची दी गई। इसमें 14 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक दुर्ग के वीवाई अस्पताल में भर्ती दिखाया गया और बीमारी के रूप में सीवियर सेप्सिस दर्ज किया गया। जबकि उनका दावा है कि वह कभी दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल गए ही नहीं।इस शिकायत ने आयुष्मान योजना के तहत मरीजों की वास्तविक भर्ती, उपचार और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।