

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
Passengers at Raipur Airport are troubled by the arbitrary behavior of taxi drivers; disputes over securing passengers occur frequently.
रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों के बीच टैक्सी चालकों की मनमानी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में सवारी हासिल करने की होड़ में टैक्सी संचालक आए दिन आपस में उलझ रहे हैं। स्थिति यह है कि महीने में दो से तीन बार विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई मामलों में विवाद इतना बढ़ चुका है कि चालकों ने एक-दूसरे पर चाकू, तलवार और कांच की बोतलों से हमले तक किए हैं।हैरानी की बात यह है कि ये घटनाएं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों की मौजूदगी में होती हैं। इसके बावजूद टैक्सी चालकों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आता। इसी सप्ताह भी दो टैक्सी चालकों के बीच सवारी को लेकर विवाद हुआ। हालांकि, मामले में किसी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
एयरपोर्ट के टर्मिनल से बाहर निकलते ही यात्रियों को टैक्सी चालकों की भीड़ का सामना करना पड़ता है। विमान के उतरने से कुछ समय पहले ही चालक अपनी गाड़ियां कतार में खड़ी कर लेते हैं। यात्रियों के बाहर आते ही उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाने की कोशिश शुरू हो जाती है। कई चालक यात्रियों का सामान उठाने लगते हैं और बार-बार अपनी टैक्सी से जाने का दबाव बनाते हैं।कुछ यात्री पहले से ऑनलाइन या अन्य माध्यमों से टैक्सी बुक कर चुके होते हैं। इसके बावजूद चालक उन्हें अपनी गाड़ी में बैठने के लिए कहते हैं। मना करने पर कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। यात्रियों के मुताबिक, टैक्सी का किराया भी मनमाने तरीके से बताया जाता है। शहर तक पहुंचाने के लिए कई बार एक हजार रुपये तक की मांग की जाती है। किराये को लेकर असहमति होने पर विवाद की स्थिति बन जाती है।
एयरपोर्ट परिसर में सीआईएसएफ के जवान तैनात रहते हैं, लेकिन टैक्सी चालकों के बीच होने वाले विवादों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लंबे समय से हो रही हैं। यही वजह है कि अब इन्हें सामान्य घटना की तरह देखा जाने लगा है।विवाद बढ़ने पर भी कई बार एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लेते। यात्रियों के साथ अधिक बदसलूकी होने पर उन्हें डायल 112 पर शिकायत करने की सलाह दी जाती है। इससे टैक्सी चालकों के बीच मनमानी का सिलसिला जारी है।
एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर वाहनों को खड़ा करने पर नो पार्किंग के तहत 500 रुपये जुर्माने का प्रावधान है। इसके बावजूद टैक्सी चालक विमानों के आगमन के समय टर्मिनल के नजदीक गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। यात्रियों के बाहर निकलते ही उन्हें घेरकर अपनी टैक्सी में बैठाने की कोशिश की जाती है।नियमों का पालन नहीं होने से पार्किंग व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
माना थाना प्रभारी विद्या भूषण भारद्वाज के मुताबिक, एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के बीच विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन अब तक किसी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज कराने के लिए शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस की ओर से नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है। यात्रियों को भी सलाह दी गई है कि यदि कोई टैक्सी चालक जबरदस्ती करता है या अभद्र व्यवहार करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।