

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Rainfall system weakens in Chhattisgarh; weather to remain dry for the next 4 days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश कराने वाला सिस्टम कमजोर पड़ने लगा है। इसका असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि, सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। रामचंद्रपुर में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।
बारिश की गतिविधियां थमने के साथ ही राजधानी रायपुर में तापमान बढ़ने लगा है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को दोपहर या शाम के समय आसमान आंशिक रूप से मेघमय रह सकता है। हालांकि, बारिश की संभावना नहीं है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मंगलवार को छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। सरगुजा और बस्तर जिलों के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम के बदलाव के पीछे दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा का आगे बढ़ना प्रमुख कारण है। मानसून की वापसी के साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं।
इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसका असर क्षेत्रीय मौसम पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के किसी भी हिस्से के लिए बारिश से जुड़ी कोई चेतावनी जारी नहीं की है। प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में भी बारिश की गतिविधियों में विशेष बढ़ोतरी के संकेत नहीं हैं। इसके चलते तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और लोगों को दिन के समय गर्मी महसूस हो सकती है।