

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Weather pattern shifts in Chhattisgarh; spells of rain continue across several districts, with relief expected starting tomorrow.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। निम्न दबाव क्षेत्र समेत कई मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग में भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तरी तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
31 अगस्त तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।
रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। चांदो में सबसे अधिक 29 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके बाद कोटाडोल में 17 सेमी, कुसमी में 13 सेमी तथा प्रतापपुर और शंकरगढ़ में 12-12 सेमी बारिश दर्ज की गई।
सामरी में 9 सेमी, जबकि भखारा और धमतरी में 7-7 सेमी बारिश हुई। रायपुर में भी 7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बलरामपुर, कुकरेल, केल्हारी, डौरा कोचली और तोकापाल में 6-6 मिमी बारिश दर्ज की गई। जनकपुर-भरतपुर, कुरूद, अंबिकापुर, सूरजपुर, लटोरी, लाभांडीह, राजपुर, मगरलोड, गुरुर, माना-रायपुर-एपी, रामानुजनगर और बेलरगांव में 5-5 मिमी बारिश हुई।
वहीं सोनहत, नेरहरपुर, मैनपुर, भटगांव, डौंडी, बालोद, केशकाल, राजिम, बिहारपुर, भानुप्रतापपुर और गरियाबंद में 4-4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अधिकांश अन्य स्थानों पर इससे कम बारिश हुई।
छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन के दौरान अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 2 फीसदी कम दर्ज की गई है। हालांकि, मौजूदा निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है, लेकिन 2 सितंबर के बाद इसकी तीव्रता कम होने के संकेत हैं।