

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CJP adamant on Dharmendra Pradhan's resignation; government seeks time until tomorrow; consensus reached on two demands.
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में आज शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की। बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच हुई इस बातचीत में परीक्षा अनियमितताओं, प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद CJP नेताओं ने दावा किया कि सरकार ने उनकी दो प्रमुख मांगों पर सिद्धांततः सहमति जताई है। इनमें परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित छात्रों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर और अन्य कानूनी मामलों को वापस लेने का आश्वासन शामिल है। हालांकि, पार्टी की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अब भी बनी हुई है।
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर निर्णय लेने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि सरकार जल्द ही इस मांग पर सकारात्मक फैसला लेगी। हमारी अन्य दो मांगों पर सरकार ने सिद्धांततः सहमति जता दी है।"
मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि बैठक के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों और छात्रों को हिरासत में लेने का मुद्दा भी सरकार के सामने रखा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर से लौट रहे युवाओं, प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे लोगों और प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन पहुंचाने वालों को भी हिरासत में लिया जा रहा है। साथ ही वकीलों के साथ कथित बदसलूकी की शिकायत भी सरकार के समक्ष रखी गई।
सौरव दास के अनुसार, सरकार ने शुरुआत में ऐसी घटनाओं से इनकार किया, लेकिन बाद में आश्वासन दिया कि यदि इस तरह की कार्रवाई हो रही है तो उसे रोका जाएगा और दिल्ली पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि वार्ता लगभग दो घंटे तक चली। उन्होंने कहा कि CJP प्रतिनिधियों ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखने के साथ-साथ परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े पांच सुझाव भी प्रस्तुत किए।
नड्डा ने कहा, "हमने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि सरकार इन सभी मुद्दों पर विचार करेगी। कल दोपहर फिर बैठक होगी, जिसमें सरकार के भीतर हुई चर्चा और आगे की स्थिति से उन्हें अवगत कराया जाएगा।"
सरकार और CJP के बीच शनिवार को प्रस्तावित अगली बैठक अब अहम मानी जा रही है। खासतौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार क्या रुख अपनाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी आगे की रणनीति स्पष्ट होने की संभावना है।