

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Sai hits back at Rahul Gandhi’s claim that PM Modi became Prime Minister with foreign help, stating, 'There is no substance to his words.'
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ आगमन से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। उनके दौरे पर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के बयान को लेकर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। कांग्रेस और पूरा विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है।
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी ताकतों द्वारा प्रधानमंत्री बनाए जाने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जब कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वह इस तरह की फिजूल की बातें कर देश की जनता को भड़काने का प्रयास करती है। हालांकि, देश की जनता सब जानती है और अब उनकी बातों में आने वाली नहीं है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई नहीं लड़ी गई। कांग्रेस के असहयोगात्मक रवैये के कारण छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद लंबे समय तक पनपता रहा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 में शामिल हुए थे। यहां ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश में कुल ऊर्जा खपत का 15 प्रतिशत हिस्सा रिन्यूएबल एनर्जी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएम साय ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजनांदगांव जिले के खैरा गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। यह गांव स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में 1 लाख 33 हजार करोड़ रुपए के निवेश से संबंधित कार्यों और करीब 5 लाख 60 हजार करोड़ रुपए के कार्यों का भी उल्लेख किया।
सीएम साय ने कहा कि आधुनिक तकनीकों और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत बनाने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।