

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Impact of Cyclone Murasu in Chhattisgarh; rain expected in central Chhattisgarh, including Raipur; heavy rainfall warning issued for Bastar.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफानों के असर से नवंबर में भी बारिश का दौर जारी है। चक्रवात अर्नब के बाद अब बंगाल की खाड़ी से उठा नया साइक्लोन मुरासु मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट से टकरा गया। इसके साथ ही लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इसका असर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में देखने को मिलेगा। मंगलवार 3 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। बस्तर संभाग में इसका सबसे अधिक प्रभाव रहने की संभावना है। बारिश की गतिविधियां 6 नवंबर तक जारी रह सकती हैं।
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 3 नवंबर को राजधानी रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, चक्रवात के समुद्र तट की ओर बढ़ने के दौरान ही बस्तर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में इसका प्रभाव दिखाई देने लगा था। सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात चक्रवात समुद्री सीमा पार कर जमीनी सतह पर पहुंच गया।
इसका सबसे ज्यादा असर बस्तर संभाग में रहने की संभावना है। बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बस्तर संभाग के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मध्य छत्तीसगढ़ में भी चक्रवात का प्रभाव रहने की संभावना है। यहां आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में सोमवार को ही बादलों के रूप में इसका असर नजर आने लगा था।
मौसम विभाग ने 3 और 4 नवंबर को प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
मंगलवार को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।