

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major theft at an Apple showroom in Raipur; thieves broke the shutter and made off with 174 iPhones, valued at over 2 crore rupees.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने एक अधिकृत एप्पल डीलर के शोरूम को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। एसआरपी चौक और मरीन ड्राइव के बीच मेन रोड पर स्थित ई नेक्स्ट शोरूम का शटर तोड़कर चोर 174 आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि वारदात के दौरान आरोपी शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोरों ने शोरूम को निशाना बनाया। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे दुकान संचालक ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच और तेलीबांधा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के अनुसार, सदर बाजार निवासी शोरूम संचालक ऋषभ डागा ने 174 आईफोन और दूसरे उपकरण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, चोरी गए मोबाइल के डिब्बे खोलकर आरोपी केवल फोन लेकर गए हैं। हालांकि, चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरों ने शोरूम के शटर में सेंट्रल लॉक नहीं होने का फायदा उठाया। आरोपियों ने शटर के निचले हिस्से में लोहे की रॉड फंसाकर उसे ऊपर उठाया और अंदर प्रवेश करने के लिए रास्ता बना लिया।डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने बताया कि चोरी गए मोबाइल की संख्या और उनकी वास्तविक कीमत की पुष्टि की जा रही है। मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
इस वारदात के पीछे पेशेवर मोतिहारी गैंग की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह त्योहारों से पहले बड़े शहरों में मोबाइल शोरूम को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य शटर तोड़कर महंगे मोबाइल चोरी करते हैं और वारदात के बाद अलग-अलग रास्तों से शहर छोड़ देते हैं।पुलिस इस आशंका को ध्यान में रखते हुए दूसरे जिलों की पुलिस को भी सतर्क कर चुकी है। बिलासपुर, महासमुंद, धमतरी, पिथौरा, दुर्ग, जगदलपुर और राजनांदगांव में अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी से रात 2 बजे के बाद रवाना हुई ट्रेनों और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी जांच के दायरे में रखी गई है।
जिस शोरूम में चोरी हुई है, वह मुख्य सड़क पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) कार्यालय के पास स्थित है। दुकान के पीछे सिंचाई विभाग का कार्यालय और स्टेट गेस्ट हाउस पहुना की चारदीवारी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री निवास भी आसपास के क्षेत्र में स्थित है।इतने महत्वपूर्ण इलाके में शटर तोड़कर करोड़ों रुपये के मोबाइल चोरी होने से शहर की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और चोरी गए मोबाइल बरामद करने के लिए अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है।