

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 में शामिल हुए। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों की राउंड टेबल चर्चा आयोजित होगी।
इस वैश्विक मंच पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के ऊर्जा विजन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगे। उनका जोर छत्तीसगढ़ को पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन के प्रमुख केंद्र के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी अग्रणी राज्य बनाने पर रहेगा।
मुख्यमंत्री राज्य की प्राकृतिक संसाधन क्षमता, ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, ग्रीन एनर्जी के विस्तार और भविष्य की निवेश योजनाओं की जानकारी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखेंगे। इसमें सौर ऊर्जा सहित नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को प्रोत्साहन, आधुनिक ऊर्जा अधोसंरचना का विकास और निजी निवेश की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर फोकस
मुख्यमंत्री निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद कर छत्तीसगढ़ में ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण से अवगत कराएंगे। सरकार का उद्देश्य राज्य की ऊर्जा क्षमता को नए निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के अवसरों में बदलना है।
मुख्यमंत्री का विजन छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने के साथ देश की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में स्थापित करना है।
130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस वैश्विक समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। ऐसे में यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए अपने ऊर्जा विजन को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने और अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।