

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Sai slams Congress protest outside PM's residence; says Rahul Gandhi's conduct is contrary to democratic decorum.
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर जिस प्रकार का प्रदर्शन किया गया, वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी का आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह के राजनीतिक स्टंट लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करते हैं और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका के अनुरूप नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामले को लेकर केंद्र सरकार पहले से ही बेहद गंभीर रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पेपर लीक को "पाप" बता चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीएम साय ने कहा कि NEET परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई और उसका परिणाम भी घोषित हो चुका है। ऐसे में इस मुद्दे को लेकर लगातार राजनीतिक प्रदर्शन करना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे की आड़ में युवाओं को आगे कर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया प्रदर्शन लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
सीएम साय ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता इस प्रकार के राजनीतिक आचरण को स्वीकार नहीं करेगी और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पक्ष में खड़ी रहेगी।