

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Vishnu Dev Sai angry over Kharge's remarks
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री ने इस टिप्पणी को घृणित, अमर्यादित और शर्मनाक बताते हुए खरगे से सार्वजनिक रूप से देश से माफी मांगने की मांग की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का राजनीतिक विरोध करते हुए उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन विरोध की आड़ में अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
‘जनता पहचान चुकी है संस्कारहीन राजनीति’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस किस स्तर तक उतर रही है, यह पूरा देश देख रहा है। जनता ऐसी संस्कारहीन और ओछी राजनीति को पहचान चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने जब-जब घृणित भाषा का इस्तेमाल किया है, तब-तब जनता ने उसे लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। इस बार भी जनता ऐसा ही जवाब देगी।
खरगे से सार्वजनिक माफी की मांग
सीएम साय ने कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में किसी के दिवंगत परिजन को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करना कांग्रेस की गिरी हुई सोच और संस्कारहीन राजनीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी और न ही स्वीकार करेगी। समय आने पर लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के माध्यम से इसका जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री ने मल्लिकार्जुन खरगे से इस कथित टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इस बयान के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।