

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: CUET-PG 2026 result declared, admission process to 198 universities to begin soon
नई दिल्ली। देशभर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों समेत 198 उच्च शिक्षण संस्थानों में परास्नातक (PG) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-PG) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परिणाम जारी होने के साथ ही अब विश्वविद्यालयों में मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 4.11 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से लगभग 3.45 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।
एनटीए ने बताया कि करीब तीन लाख अभ्यर्थियों ने एक से अधिक विषयों के लिए आवेदन किया था। ऐसे में विषयवार कुल आवेदनों की संख्या 7.14 लाख तक पहुंच गई थी, जबकि 5.04 लाख विषयवार उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।
विषयों के हिसाब से देखें तो जनरल मैनेजमेंट में सबसे अधिक 66 हजार आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 47 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं ‘जनरल’ विषय के लिए 59 हजार आवेदन आए, जिनमें से 40 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके अलावा कंप्यूटर साइंस, अंग्रेजी, इतिहास, लाइफ साइंस और प्राणी विज्ञान जैसे विषयों में भी बड़ी संख्या में आवेदन दर्ज किए गए।
इस वर्ष CUET-PG के माध्यम से कुल 198 विश्वविद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 45 केंद्रीय विश्वविद्यालय, 40 राज्य विश्वविद्यालय, 24 सरकारी संस्थान और 89 निजी व डीम्ड विश्वविद्यालय शामिल हैं।
परिणाम घोषित होने के बाद अब संबंधित विश्वविद्यालय अपनी-अपनी काउंसलिंग प्रक्रिया और कटऑफ जारी करेंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने पसंदीदा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और निर्धारित समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।