

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Call for a 'double-engine' government in Telangana; Nitin Nabin urges party workers to gear up for victory.
हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को तेलंगाना के पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य में 'डबल इंजन' सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे पर पहुंचे नवीन ने हैदराबाद से डिजिटल माध्यम के जरिए भाजपा की नौ जिला इकाइयों के नए कार्यालयों का उद्घाटन किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हैदराबाद समेत राज्य के विभिन्न नगर निगमों के आगामी चुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए घर-घर तक पहुंचने और पूरी मेहनत से काम करने का आग्रह किया।
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तेलंगाना के लोगों की सेवा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जब तक राज्य में भी भाजपा की सरकार नहीं बनेगी, तब तक तेलंगाना उस गति से विकास नहीं कर पाएगा, जिसकी कल्पना राज्य गठन के समय की गई थी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तेलंगाना में भी कमल खिलना जरूरी है।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य गठन के 12 वर्ष बाद भी तेलंगाना आंदोलन के मूल उद्देश्य और जनता की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को विकास की नई दिशा देने के लिए भाजपा की सरकार आवश्यक है।
नबीन ने कहा कि भाजपा को तेलंगाना के लिए बाहरी पार्टी बताने की धारणा पूरी तरह गलत है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1984 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की केवल दो सीटें थीं, जिनमें से एक तेलंगाना से आई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा लगातार देशभर में अपना जनाधार बढ़ा रही है और जल्द ही तेलंगाना में भी सरकार बनाने में सफल होगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने पिछली बीआरएस सरकार के खिलाफ लगातार संघर्ष किया, लेकिन उसका राजनीतिक लाभ कांग्रेस को मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाकर आगामी चुनावों में भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।