

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: A love affair that began on social media led to murder; a young man was stabbed to death in Bilaspur.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ एक प्रेम संबंध दर्दनाक अंत तक पहुंच गया। प्रेमी द्वारा रिश्ता तोड़ने और मोबाइल पर ब्लॉक किए जाने से नाराज प्रेमिका ने उसके घर पहुंचकर चाकू से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से युवक की हालत नाजुक हो गई और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, प्यार में बदली
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कामता प्रसाद सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के कर्रा गांव का निवासी था। वह सिविल लाइन क्षेत्र के शुभम विहार, टीचर्स कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार करीब छह महीने पहले उसकी पहचान 22 वर्षीय रोशनी सूर्यवंशी से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। रोशनी सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की रहने वाली है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गया।
विवाद के बाद टूटा रिश्ता
पुलिस ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसके बाद युवक ने रिश्ता खत्म कर लिया और युवती को कॉल व मैसेज से ब्लॉक कर दिया। इससे आहत और नाराज युवती मंगलवार सुबह उसके घर पहुंच गई।
दरवाजा खुलते ही हुआ विवाद, चाकू से हमला
बताया गया कि युवती ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही उसने युवक से उसका मोबाइल फोन दिखाने की मांग की। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। गुस्से में आकर युवती ने चाकू से युवक के सीने पर वार कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
घटना के समय शोर सुनकर युवक का रूममेट बाहर आया और खून से लथपथ हालत देखकर मदद के लिए आवाज लगाई। मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी युवती गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती को शक था कि युवक ने उससे रिश्ता तोड़कर किसी अन्य लड़की से संबंध बना लिया है। इसी संदेह और आक्रोश में वह चाकू लेकर उसके घर पहुंची थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।