

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Anganwadi nutrition diet causes illness, 5 children fall ill due to food poisoning
बिलासपुर। कोटा परियोजना के सेक्टर बेलगहना स्थित केकरडीह आंगनबाड़ी केंद्र में पूरक पोषण आहार खाने के बाद पांच बच्चे फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। सभी बच्चों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलगहना में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, बच्चों ने दोपहर में आंगनबाड़ी केंद्र में चावल, दाल और टमाटर की चटनी खाई थी। इसके कुछ समय बाद ही बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। तत्काल उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही अटल श्रीवास्तव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बच्चों का हाल-चाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बताया जा रहा है कि विधायक श्रीवास्तव उस समय बेलगहना में एक भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, तभी उन्हें इस घटना की जानकारी मिली।
खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटा परियोजना अधिकारी सुरुचि ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों में आक्रोश
बच्चों के परिजनों ने आंगनबाड़ी में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने से वे बेहद चिंतित हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।