

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Emphasis on timely completion of major development projects; Chief Secretary Vikas Sheel issues directives.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रमुख निर्माण और विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार, 5 नवंबर को मंत्रालय महानदी भवन में उनकी अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। इसमें राज्य में प्रस्तावित और जारी विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि प्रस्तावित निर्माण कार्यों की लागत का तुलनात्मक विश्लेषण स्पष्ट और तथ्यपरक होना चाहिए, ताकि प्रत्येक परियोजना के लिए वास्तविक लागत का आकलन किया जा सके। उन्होंने आगामी बजट में शामिल किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की समय रहते पहचान करने तथा उनकी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर-कांकेर-पखांजूर मार्ग पर पुल-पुलियों सहित सड़क निर्माण कार्य पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा बिलासपुर क्षेत्र में बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण और बिलासपुर जिले में फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
दुर्ग सहित अन्य क्षेत्रों में नगरी-कांकेर-भानुप्रतापपुर-मानपुर-राजनांदगांव-कवर्धा-फास्टरपुर-कुंडा मार्ग तथा कुम्हारी-अहिवारा-धमधा-गंडई-साल्हेवारा मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण कार्यों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश कुमार टोप्पो, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव और ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।