

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Leopard terror in Janakpur area, wild animal enters house, villagers in fear
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी से दहशत फैल गई है। ताजा मामला जनकपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम खिरकी का है, जहाँ हरीशचंद्र यादव के घर में अचानक एक तेंदुआ घुस आया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ भटकते हुए रिहायशी इलाके में पहुंच गया और सीधे घर के भीतर प्रवेश कर गया। तेंदुए को देखकर घर के सदस्य घबरा गए, लेकिन सूझबूझ से वे सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। विशेषज्ञों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। पकड़े गए तेंदुए को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी हो चुका है हमला
गौरतलब है कि इससे पहले 9 अप्रैल को जनकपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत महदौली के बरछा (मैरटोला) में तेंदुए ने दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया था।रामसरण बैगा (42) अपने खेत में अरहर की फसल काट रहे थे, तभी तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। वहीं पास में गेहूं की कटाई कर रहे विजय सिंह (45) पर भी तेंदुए ने हमला किया, जिससे उनके चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों में भय, स्थायी समाधान की मांग
लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।