

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh News: Husband and wife arrested for swindling over ₹2 crore by promising to double money in the stock market.
जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने निवेशकों को भारी मुनाफे और कम समय में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाकर 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और बैंक चेकबुक जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा तब हुआ जब हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफा और रकम दोगुनी होने का लालच देकर उन्हें निवेश के लिए तैयार किया।
आरोपी दंपति की बातों में आकर प्रार्थी समेत अन्य लोगों ने चेक और RTGS के माध्यम से कुल 2,04,97,502 रुपये आरोपियों के बैंक खातों में जमा कर दिए। शुरुआत में निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए आरोपियों ने 39,99,400 रुपये वापस किए, लेकिन बाद में शेष राशि लौटाने से लगातार इनकार करते रहे और अंततः पूरी रकम का गबन कर लिया।
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही दोनों आरोपी फरार हो गए और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
- लैपटॉप
- टैबलेट
- मोबाइल फोन
- बैंक चेकबुक
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट या किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की विश्वसनीयता की अच्छी तरह जांच करें। अवास्तविक मुनाफे और रकम दोगुनी करने जैसे झूठे वादों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध निवेश प्रस्ताव की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।