

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Police achieve major success in Gariaband, seize cache of Maoist weapons
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मैनपुर क्षेत्र के ओडिशा सीमा से लगे ग्राम भालूडिग्गी और मेटाल की पहाड़ी श्रृंखलाओं में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई की अहम जानकारी जनवरी 2026 में गरियाबंद में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से पूछताछ के दौरान मिली थी। पूछताछ में सामने आया कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व ने सीमा से लगे पहाड़ी क्षेत्रों में ऑटोमेटिक हथियार, गोला-बारूद और टेक्निकल टीम से जुड़े उपकरण अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे थे।
सूचना के आधार पर 6 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय से ई-30 ऑप्स टीम को रवाना किया गया। करीब 36 घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद टीम ने छह अलग-अलग स्थानों से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की।

ये सामग्री हुई बरामद
बरामद हथियारों में 2 इंसास राइफल, 1 नग .303 राइफल, 2 नग 12 बोर हथियार, 1 देशी कट्टा, 1 सुरका (देशी बीजीएल लॉन्चर), 2 सिंगल शॉट हथियार, 127 जिंदा कारतूस, 8 मैगजीन, 22 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रिक वायर का बंडल और हथियार निर्माण व मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले टेक्निकल वर्कशॉप के उपकरण शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह टेक्निकल टीम ओडिशा राज्य कमेटी के मारे गए तीन केंद्रीय कमेटी सदस्यों चलपति, मनोज और गणेश उईके की निगरानी में काम करती थी। टीम आईईडी, देशी हथियारों के निर्माण और ऑटोमेटिक हथियारों की मरम्मत का काम करती थी।

ऑपरेशन विराट के तहत मिली सफलता
गरियाबंद पुलिस द्वारा पिछले डेढ़ वर्षों से संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान ‘ऑपरेशन विराट’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि 26 जनवरी 2026 से पहले धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सभी सूचीबद्ध सक्रिय माओवादियों को आत्मसमर्पण कराने या निष्क्रिय करने में सफलता मिली है। ताजा बरामदगी से क्षेत्र में नक्सली हिंसा की संभावनाएं काफी हद तक खत्म होने का दावा किया जा रहा है।
2025-26 में नक्सलियों से जब्त सामग्री
कुल हथियार: 57
ग्रेडेड ऑटोमेटिक हथियार: 28
अन्य हथियार: 29
कुल कारतूस: 300
कुल मैगजीन: 21
जब्त विस्फोटक सामग्री
इलेक्ट्रिक डेटोनेटर: 240
नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर: 17
आईईडी बम: 7
कार्डेक्स वायर: लगभग 100 मीटर