

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: News of relief amid scorching heat, chance of rain and thunderstorm in Chhattisgarh today
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में जहां हल्की बारिश और प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, वहीं राजधानी रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत अधिकांश इलाकों में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। दिन में तेज धूप और रात में गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है, हालांकि 12 जून के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया। रविवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
हालांकि प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। कुसमी में 7 सेंटीमीटर, कापू में 3 सेंटीमीटर तथा बलरामपुर, कांसाबेल और पोड़ी उपरोड़ा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 7 जून को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ भागों में पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज अंधड़ की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी, लेकिन 12 जून के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर बादल बने रहने के साथ बारिश और आंधी की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।