

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Western disturbances cause fluctuations in weather, Raipur records highest temperature
रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ की आवाजाही के चलते प्रदेश के मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बीते तीन दिनों से राज्य में सबसे अधिक तापमान रायपुर में दर्ज किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली है। फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है और ठंड के सीजन के अंत तथा गर्मी की शुरुआत के बीच मौसम में स्थिरता के साथ हल्के बदलाव नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, विक्षोभ के प्रभाव से जब हवा की दिशा में परिवर्तन होता है, तब न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जाती है। वहीं, नमी वाली हवा का प्रभाव कम होने पर तापमान में गिरावट आती है। इसी वजह से दिन और रात के तापमान में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है।
रायपुर में पारा सामान्य से ऊपर
आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है, जबकि दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य के अन्य शहरों की तुलना में अधिक रहा। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले पांच दिन शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क और स्थिर रहने की संभावना है। फिलहाल ऐसा कोई सक्रिय सिस्टम नहीं है, जो मौसम को प्रभावित कर सके। आने वाले दो दिनों तक भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज का मौसम
मंगलवार को रायपुर शहर में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में हल्की गर्मी का अहसास हो सकता है, जबकि रात और सुबह के समय ठंडक बनी रहेगी।