

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Rampage by elephants continues in Chhattisgarh; destruction caused to everything from tractors to homes; CM Sai issues strict instructions to officials.
कवर्धा। छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कवर्धा, कोरबा और सरगुजा में जंगली हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कहीं हाथियों ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया, तो कहीं घरों में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ हाथियों ने ग्रामीणों पर भी हमला किया है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने वन विभाग के साथ-साथ सरकार की चिंता भी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाथी-मानव संघर्ष की स्थिति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत जिल्गा गांव के जंगल में 11 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि हाथियों का दल धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा के जंगल में पहुंचा था। इस दौरान धान की फसल को बचाने के लिए कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल की ओर गए थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। तभी अचानक झाड़ियों से निकला एक हाथी ट्रैक्टर की ओर बढ़ने लगा। हाथी को अपनी तरफ आता देख ग्रामीण जान बचाकर भाग निकले।
ग्रामीणों के भागने के बाद हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। उसने अपनी सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से उसे कुचलने लगा। इस हमले में ट्रैक्टर के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना का वीडियो एक ग्रामीण ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सरगुजा संभाग में हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले 15 दिनों से वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है, लेकिन इसके बावजूद हमलों का सिलसिला जारी है। कबरा नाम का हाथी, जिसके हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है, रेडियो कॉलर आईडी के साथ जंगलों में विचरण कर रहा है। इसी बीच बतौली क्षेत्र में तीन हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।
बतौली में हाथियों ने एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि करीब पांच एकड़ में लगी करेले की फसल को भी नष्ट कर दिया। हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों को भी उन्होंने खेत में दौड़ा लिया। कई लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
कवर्धा जिले के कुकदुर क्षेत्र में भी हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। जंगल में विचरण कर रहे चार हाथियों के दल ने बीती रात केसमरदा और भुरसीपकरी गांव में प्रवेश कर दो घरों को नुकसान पहुंचाया। घटना के समय बैगा परिवार के लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक हाथियों के बस्ती में पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हाथियों ने घरों में रखे खाद्य पदार्थों को भी खाया और बिखेर दिया।
कवर्धा वनमंडल के बोड़ला क्षेत्र और आसपास के जंगलों में वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। सोमवार सुबह तरेगांव परिक्षेत्र के दलदली सर्किल अंतर्गत मुकाम और दलदली बीट के जंगलों में चार हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। फिलहाल उनका विचरण क्षेत्र रतनछापर बताया गया है।
हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए सुखझर, दलदली, मुकाम, चेन्द्रादादर, धनवाही, कोयलारी और भुरसीपकरी गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। वन विभाग का मैदानी अमला ड्रोन की मदद से हाथियों की लोकेशन और उनके विचरण मार्ग की निगरानी कर रहा है। वहीं दलदली और मुंडादादर सर्किल की निगरानी टीमें रात में गश्त कर रही हैं। ग्रामीणों तक समय पर सूचना पहुंचाने के लिए कर्मचारियों को नियमित रूप से जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाथियों की सुरक्षा और संभावित हमलों को ध्यान में रखते हुए बोड़ला क्षेत्र के बैरख, रानीदहरा, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, आमानारा, पेंड्री और छिरपानी की ओर जाने वाले वन मार्गों पर एहतियातन आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। वन विभाग आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों ने ग्रामीणों की सुरक्षा को बड़ी चुनौती बना दिया है। वन विभाग की ओर से निगरानी और गश्त बढ़ाई गई है, लेकिन ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें भगाने या उनके रास्ते में बाधा डालने से बचना चाहिए। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जंगल और वन मार्गों की ओर जाने से परहेज करना ही सुरक्षित है।