

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Jashpur receives a gift of 5 major bridges under the PM Janman Yojana; administrative approval granted for Rs 16.03 crore.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले को पांच बड़े पुलों की सौगात मिली है। इन पुलों के निर्माण के लिए राज्य शासन ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I के तहत भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी थी। इसमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच पुल भी शामिल हैं। इनकी कुल लंबाई 290 मीटर होगी। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है।
इसके अलावा कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन पुलों के निर्माण से बारिश के मौसम में नालों के उफान के कारण ग्रामीणों को होने वाली आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। अब ग्रामीणों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा। इससे दूरस्थ गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क भी बेहतर होगा।
पुलों के निर्माण से विद्यार्थियों को स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी। वहीं, मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक समय पर पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में सुविधा होगी, जिससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
राज्य शासन के अनुसार सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित राशि के अंतर्गत पूरे किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। इन पांच पुलों के बनने से जशपुर के दूरस्थ जनजातीय इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।