

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes during Nautapa, rain and storm alert issued in 27 districts of Chhattisgarh.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अंबिकापुर, सूरजपुर समेत कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। लंबे समय से तपिश झेल रहे लोगों ने मौसम में आई इस नरमी से राहत की सांस ली है।
मौसम विभाग ने जारी किया यलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, हालांकि कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर का असर बना रहा। अब पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
27 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए 27 जिलों में बारिश, तेज आंधी, बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम सुहाना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।