

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Nautapa wreaks havoc, severe heat in Chhattisgarh disrupts life; heatwave alert issued in Raipur
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। मध्य इलाकों में ग्रीष्म लहर चलने से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।
बुधवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। कुछ इलाकों में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई, जबकि कहीं बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई स्थानों पर तेज हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, वहीं कुछ क्षेत्रों में उमस और सूखे जैसी स्थिति बनी रही।
चक्रवाती परिसंचरण से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही हल्की नमी के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। इसके चलते अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। विभाग का कहना है कि आगामी दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन प्रदेश के एक-दो हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग में दर्ज
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख जिलों का अधिकतम तापमान,
दुर्ग – 45.5 डिग्री सेल्सियस
कबीरधाम – 44 डिग्री सेल्सियस
बेमेतरा – 43.8 डिग्री सेल्सियस
जांजगीर-चाम्पा – 43.7 डिग्री सेल्सियस
रायपुर – 43.6 डिग्री सेल्सियस
रायपुर में आज भी हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर में 28 मई को भी हीटवेव चलने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।