

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Weather to change in Chhattisgarh; alert issued for rain and strong winds in several areas; mercury in Raipur to reach 34 degrees.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने के कारण गर्मी का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि, अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में 16 अक्टूबर को दिन के समय आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रमुख शहरों की बात करें तो माना एयरपोर्ट और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, जगदलपुर में 32.9 डिग्री और दुर्ग में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर बादल छाने और मौसम बदलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 अक्टूबर को पूरे देश से विदा हो गया। इसके बावजूद कुछ मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
वर्तमान में दक्षिणी तटीय तमिलनाडु से ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से अरब सागर तक तथा मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र होते हुए गुजरने वाली एक अन्य द्रोणिका भी मौजूद है।
इन मौसमी परिस्थितियों के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।