

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather to change in Chhattisgarh; rainfall to intensify again after three days; alert issued for several districts, including Raipur.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में अगले तीन दिनों के दौरान कुछ कमी आने के आसार हैं। हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार, 11 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं 12 अगस्त से एक नए निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत हैं, जिसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सोमवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम के समय राजधानी में हल्की बूंदाबांदी हुई, हालांकि दिन में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आकाशीय बिजली गिरने और वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर मध्य प्रदेश और उसके आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका बीकानेर, दतिया, निम्न दबाव के केंद्र, डालटेनगंज और दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त को इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में फिर तेजी आ सकती है।
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में हुई। इसके अलावा कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेमी, जबकि जनकपुर भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई। गीदम, दंतेवाड़ा, खड़गांव, कटेकल्याण, अंतागढ़, सकरी, नानगुर और कोमाखान में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई।
वहीं मुकडेगा, भोपालपटनम, धनोरा, कोटाडोल, छोटेडोंगर, सकोला, दुर्गकोंदल, भैसमा, बस्तर, हरदीबाजार, अंबागढ़ चौकी, बगीचा, कोंडागांव, कांसाबेल, भानुप्रतापपुर, उसूर, बारसूर, लाल बहादुर नगर, गंगालूर, बास्तानार और कुकदूर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बारिश और गरज-चमक की संभावना वाले क्षेत्रों में लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचना बेहतर होगा। आने वाले दिनों में नए निम्न दबाव के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर फिर तेज हो सकता है।