

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chief Secretary holds high-level meeting with secretaries; resolve all pending matters before retirement; strict directives issued regarding the progress of schemes.
रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भार साधक सचिवों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, महत्वपूर्ण कार्यों और विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के साथ-साथ लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सेवा निवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों का निराकरण उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने यहां सेवा निवृत्त होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची निर्धारित अवधि में विभागवार तैयार करें, ताकि पेंशन, भुगतान और अन्य संबंधित मामलों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में विभागों में रिक्त पदों और बैकलॉग पदों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिक्त एवं बैकलॉग पदों की जानकारी के आधार पर सेटअप तैयार कर भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने विभागीय सचिवों से अपने-अपने विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की लगातार निगरानी करने को कहा।
बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं। मुख्य सचिव ने इन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आई-गॉट के तहत विभागवार चिन्हित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विभाग अपनी आवश्यकता के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करे, ताकि कर्मचारियों की क्षमता और कार्यकुशलता को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में प्रशासनिक सुधारों को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को रिफार्म के तहत विभागवार जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में रिफार्म उत्सव अभियान का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभागों को अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया है।
बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं समेत राज्य शासन की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति, क्रियान्वयन और प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त, ऊर्जा, श्रम, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, खाद्य, परिवहन, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन एवं संस्कृति, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभागीय प्रगति की जानकारी दी।